spot_img
spot_img
HomeझारखंडJharkhand Health News : स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी का बड़ा ऐलान- हर...

Related Posts

Jharkhand Health News : स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी का बड़ा ऐलान- हर नागरिक को जल्द मिलेगा स्वास्थ्य गारंटी कार्ड, बढ़ेंगी कई सुविधाएं-पढ़ें

  • स्वास्थ्य गारंटी कार्ड से मिलेगी हर झारखंडवासी को इलाज की सुरक्षा

Jharkhand Health News : विश्व स्वास्थ्य दिवस के अवसर पर झारखंड सरकार ने एक अहम घोषणा की है। राज्य के स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी ने मंगलवार को नामकुम स्थित राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (NHM) सभागार में आयोजित राज्यस्तरीय कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि कहा कि झारखंड में शीघ्र ही स्वास्थ्य गारंटी कार्ड लागू किया जाएगा। इस कार्ड के माध्यम से राज्य के प्रत्येक नागरिक को बेहतर और सुलभ स्वास्थ्य सेवाएं सुनिश्चित की जाएंगी। मंत्री इरफान अंसारी ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि झारखंड के हर व्यक्ति को स्वास्थ्य सुरक्षा प्रदान करना वर्तमान सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने इस अवसर पर आईपीएच परिसर में पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण और हरित झारखंड का संदेश भी दिया।

NQAS रैंकिंग में झारखंड को देशभर में तीसरा स्थान

स्वास्थ्य मंत्री ने बताया कि स्वास्थ्य सेवाओं में लगातार सुधार के परिणामस्वरूप नेशनल क्वालिटी एश्योरेंस स्टैंडर्ड (NQAS) रैंकिंग में झारखंड ने पूरे देश में तीसरा स्थान हासिल किया है। यह उपलब्धि न केवल राज्य के लिए गर्व का विषय है, बल्कि यह भी दर्शाती है कि स्वास्थ्य के क्षेत्र में किए जा रहे प्रयास सार्थक दिशा में हैं। स्वास्थ्य विभाग के अपर मुख्य सचिव अजय कुमार सिंह ने भी इस अवसर पर कहा कि NQAS प्रमाणन केंद्र सरकार द्वारा दिया जाता है, जो इसकी विश्वसनीयता और महत्व को और अधिक प्रमाणित करता है। उन्होंने ‘वन हेल्थ’ की अवधारणा पर जोर देते हुए कहा कि एक स्वस्थ समाज के निर्माण के लिए संपूर्ण पारिस्थितिकी तंत्र (इकोसिस्टम) का संतुलित और स्वस्थ रहना अनिवार्य है।

स्वास्थ्य सेवाओं में बड़े बदलाव की तैयारी

इस कार्यक्रम में स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी ने स्वास्थ्य ढांचे को और सुदृढ़ करने के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं, जो निम्न है :

  • राज्य में 1200 स्थायी चिकित्सकों की शीघ्र बहाली की जाएगी।
  • 7500 ANM-GNM की नियुक्ति प्रक्रिया जल्द शुरू की जाएगी।
  • झारखंड को 247 नए एम्बुलेंस प्रदान किए जाएंगे।
  • संथाल परगना क्षेत्र में एक नया कंट्रोल कमांड सेंटर स्थापित किया जाएगा।
  • राज्य में रक्त उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए नई ब्लड पॉलिसी लागू की जाएगी।

झारखंड हाई कोर्ट के आदेश पर मंत्री की प्रतिक्रिया

झारखंड उच्च न्यायालय के उस आदेश पर, जिसमें बिना डोनर के रक्त उपलब्ध कराने की बात कही गई है, स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी ने कहा कि जमीनी स्तर पर यह प्रक्रिया अत्यंत चुनौतीपूर्ण है। उन्होंने बताया कि स्वास्थ्य विभाग शीघ्र ही इस आदेश में संशोधन के लिए न्यायालय का दरवाजा खटखटाएगा, ताकि व्यावहारिक और टिकाऊ ब्लड मैनेजमेंट पॉलिसी लागू की जा सके।

स्वस्थ जीवन के लिए 45 मिनट का संकल्प लें : मंत्री

विश्व स्वास्थ्य दिवस के इस विशेष अवसर पर मंत्री इरफान अंसारी ने राज्य के सभी नागरिकों से अपील की कि वे प्रतिदिन कम से कम 45 मिनट अपने स्वास्थ्य के लिए अवश्य निकालें — चाहे वह व्यायाम हो, योग हो या ध्यान। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन, झारखंड के अभियान निदेशक शशि प्रकाश झा ने भी इस अवसर पर लोगों से स्वस्थ जीवनशैली अपनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि संतुलित आहार, नियमित दिनचर्या और तनावमुक्त जीवन ही दीर्घकालिक स्वास्थ्य की असली कुंजी है।

इसे भी पढ़ें : Jamshedpur AJU Students Initiative : अरका जैन यूनिवर्सिटी नर्सिंग छात्रों ने मोहनपुर में जगाई स्वास्थ्य और स्वच्छता की अलख

Latest Posts