– प्रशिक्षु आईएएस अधिकारियो ने लोक भवन में की शिष्टाचार भेंट, मिला जनहित को सर्वोपरि रखने का संदेश
IAS Trainee Officers Jharkhand Lok Bhawan Visit : झारखंड के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार से मंगलवार को भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) के प्रशिक्षु अधिकारियों ने रांची स्थित लोक भवन में शिष्टाचार मुलाकात की। इस दौरान राज्यपाल ने अधिकारियों के साथ संवाद करते हुए उन्हें प्रशासनिक दायित्वों को गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ निभाने की प्रेरणा दी।
राज्य के विकास में अधिकारियों की अहम भूमिका
राज्यपाल ने कहा कि झारखंड अपार संभावनाओं से भरा हुआ राज्य है। इसे विकास के पथ पर आगे बढ़ाकर विकसित राज्यों की श्रेणी में शामिल करना प्रशासनिक अधिकारियों की जिम्मेदारी है। उन्होंने अधिकारियों से अपेक्षा जताई कि वे पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करें।
जमीनी हकीकत से जुड़े रहने की सलाह
संवाद के दौरान राज्यपाल ने प्रशिक्षु IAS अधिकारियों को जमीनी स्तर पर सक्रिय रहने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि नियमित क्षेत्र भ्रमण करें और आम जनता से लगातार संवाद बनाए रखें, ताकि उनकी समस्याओं को बेहतर तरीके से समझा और समाधान किया जा सके।
पारदर्शिता और संवेदनशीलता पर दिया जोर
राज्यपाल ने कहा कि किसी भी प्रशासनिक अधिकारी की पहचान उसके कार्य और व्यवहार से होती है। इसलिए पारदर्शिता, संवेदनशीलता और उत्तरदायित्व के साथ कार्य करना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने अधिकारियों को हर परिस्थिति में सजग और तत्पर रहते हुए समस्याओं का प्रभावी समाधान सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
अधिकारियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना
कार्यक्रम के अंत में राज्यपाल ने सभी प्रशिक्षु अधिकारियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इस अवसर पर राज्यपाल के अपर मुख्य सचिव डॉ. नितिन कुलकर्णी भी उपस्थित रहे।
Also Read : झारखंड पुलिस का सख्त निर्देश: निलंबन आदेश की प्रति मुख्यालय भेजना अब अनिवार्य



