• बेवजह हिरासत, मारपीट और लूट का आरोप, एसएसपी से कार्रवाई की मांग
Jamshedpur News : झारखंड के जमशेदपुर स्थित आजादनगर थाना क्षेत्र में पुलिस पर गंभीर आरोप लगने से मामला गरमा गया है। स्थानीय निवासी मजहर खान ने थाना प्रभारी चंदन कुमार और अन्य पुलिसकर्मियों पर अवैध हिरासत, मारपीट, नगद और मोबाइल छीनने तथा जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। इन आरोपों के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर मजहर खान ने सोमवार को उपायुक्त कार्यालय के समक्ष धरना दिया और वरीय पुलिस अधीक्षक (SSP) से एफआईआर दर्ज करने की मांग की।
दोस्त को छुड़ाने पहुंचे थे, खुद हो गए मारपीट के शिकार
आवेदन के अनुसार, 4 अप्रैल 2026 को मजहर खान को सूचना मिली कि उनके मित्र शाहिद को बिना किसी कानूनी प्रक्रिया के थाना में बैठाकर रखा गया है और उसके साथ मारपीट की जा रही है। इस सूचना के बाद वह रात करीब साढ़े सात बजे थाना पहुंचे और पुलिस से वैधानिक प्रक्रिया के तहत कार्रवाई करने का अनुरोध किया। आरोप है कि इसी दौरान थाना प्रभारी चंदन कुमार नाराज हो गए और उन्हें अपने केबिन में बुलाकर मारपीट की गई।
मोबाइल व नकदी छीनने और पिटाई का आरोप
मजहर खान का आरोप है कि पुलिसकर्मियों ने उनके साथ गाली-गलौज करते हुए मोबाइल फोन और करीब दो हजार रुपये छीन लिए। इसके बाद उन्हें एक कमरे में बंद कर बेरहमी से पीटा गया। उन्होंने बताया कि किसी तरह शोर मचाने पर उनकी जान बच सकी। घटना के बाद उनके साथियों ने उन्हें MGM Medical College and Hospital पहुंचाया, जहां उनका इलाज किया गया।
सीसीटीवी जांच और पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई की मांग
मजहर खान ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने और थाना परिसर के सीसीटीवी फुटेज की जांच की मांग की है। उन्होंने इस घटना को मानवाधिकारों का गंभीर उल्लंघन बताया है। उन्होंने संबंधित पुलिसकर्मियों की गिरफ्तारी और निलंबन की मांग करते हुए कहा कि यदि निष्पक्ष जांच नहीं हुई तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
परिवार की सुरक्षा को लेकर भी जताई चिंता
आवेदक ने अपने और अपने परिवार की सुरक्षा को लेकर भी चिंता जताई है। उन्होंने प्रशासन से सुरक्षा मुहैया कराने की मांग की है, ताकि वे बिना किसी भय के न्याय की लड़ाई लड़ सकें।
इसे भी पढ़ें : Saranda Jungle IED Blast : सारंडा जंगल में आईईडी ब्लास्ट, कोबरा 205 बटालियन का जवान घायल



