- डीजे के शोर और अवैध गतिविधियों की शिकायत पर कार्रवाई, कुछ भी आपत्तिजनक नहीं मिला
Ranchi Police Bar Raid : रांची में शनिवार देर रात पुलिस ने ‘लॉर्ड्स ऑफ ड्रिंक्स’ बार में अचानक छापेमारी कर जांच की। हालांकि इस कार्रवाई के दौरान पुलिस को कोई आपत्तिजनक सामग्री या अवैध गतिविधि के ठोस सबूत नहीं मिले, लेकिन अचानक हुई रेड से बार में मौजूद ग्राहकों और प्रबंधन के बीच अफरा-तफरी मच गई।
शिकायत के आधार पर पहुंची पुलिस टीम
पुलिस को सूचना मिली थी कि बार में देर रात तक तेज आवाज में डीजे बजाया जा रहा है। इसके अलावा, ग्राहकों को ड्रग्स उपलब्ध कराने और अन्य अवैध गतिविधियों में संलिप्तता की भी आशंका जताई गई थी। इन्हीं शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मौके पर छापेमारी की।
स्टॉक और लाइसेंस दस्तावेजों की हुई जांच
छापेमारी के दौरान पुलिस टीम ने बार के स्टॉक की जांच की और लाइसेंस से जुड़े दस्तावेजों का सत्यापन किया। साथ ही वहां मौजूद लोगों से पूछताछ की गई। सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए पुलिस ने सभी ग्राहकों को घर जाने के निर्देश दिए, ताकि स्थिति सामान्य बनी रहे।
डीएसपी ने दी जानकारी, फिलहाल कोई अवैध गतिविधि नहीं
कोतवाली पुलिस उपाधीक्षक (डीएसपी) प्रकाश सोय ने रविवार को बताया कि देर रात तक डीजे बजाने और संभावित अवैध गतिविधियों की सूचना मिलने के बाद यह कार्रवाई की गई थी। उन्होंने स्पष्ट किया कि छापेमारी के दौरान कोई भी संदिग्ध या अवैध सामग्री बरामद नहीं हुई है। हालांकि, पुलिस पूरे मामले पर नजर बनाए हुए है।
भविष्य में सख्त कार्रवाई की चेतावनी
पुलिस ने कहा है कि यदि भविष्य में इस प्रकार की शिकायतें दोबारा मिलती हैं, तो संबंधित प्रतिष्ठान के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन ने शहर के सभी बार और नाइटलाइफ संचालकों को नियमों का पालन करने की हिदायत दी है।



