मरकच्चो के जामु हरलाडीह गांव में दर्दनाक घटना, इलाके में दहशत
Koderma Elephant Terror (Jharkhand) : कोडरमा जिले में जंगली हाथियों का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है। ताजा घटना मरकच्चो थाना क्षेत्र के जामु हरलाडीह गांव की है, जहां रविवार सुबह महुआ चुनने गई एक महिला को हाथी ने कुचलकर मार डाला। इस घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।
सुबह 5:30 बजे हुआ हमला, अन्य महिलाएं भागकर बचीं
प्राप्त जानकारी के अनुसार, हरलाडीह गांव की सीता देवी (55 वर्ष, पति स्व. रामचन्द्र साव) रविवार सुबह करीब 5:30 बजे गांव की अन्य महिलाओं के साथ महुआ चुनने गई थीं। इसी दौरान अचानक वहां एक जंगली हाथी पहुंच गया।
हाथी ने सीता देवी को अपनी गिरफ्त में लेकर पटक दिया और कुचलकर उनकी मौके पर ही हत्या कर दी। घटना के दौरान साथ मौजूद अन्य महिलाएं किसी तरह भागकर अपनी जान बचाने में सफल रहीं।
ग्रामीण के पहुंचने तक हो चुकी थी मौत
घटना स्थल से कुछ दूरी पर महुआ चुन रहे ग्रामीण रसीद मियां ने बताया कि जब तक लोग मौके पर पहुंचे, तब तक हाथी वहां से जा चुका था और महिला की मौत हो चुकी थी। इस घटना ने गांव में भय का माहौल पैदा कर दिया है।
लगातार बढ़ रहा हाथियों का खतरा
उल्लेखनीय है कि पिछले एक सप्ताह से कोडरमा जिले में हाथियों का आतंक लगातार बढ़ रहा है।
दो दिन पहले भी हाथियों ने दो लोगों को कुचलकर मार डाला था
इसके अगले दिन झरीटांड़ क्षेत्र में आधा दर्जन पशुओं को भी मार दिया गया
लगातार हो रही इन घटनाओं से ग्रामीणों में दहशत और नाराजगी दोनों बढ़ रही है। लोग वन विभाग से ठोस कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
ग्रामीणों में दहशत, सुरक्षा उपायों की मांग
स्थानीय लोगों का कहना है कि हाथियों का झुंड लगातार आबादी वाले क्षेत्रों के करीब आ रहा है, जिससे जान-माल का खतरा बढ़ गया है। ग्रामीणों ने प्रशासन और वन विभाग से प्रभावी सुरक्षा व्यवस्था और हाथियों को जंगल की ओर खदेड़ने के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की है।



