संवेदनशील इलाकों पर विशेष नजर, सोशल मीडिया मॉनिटरिंग के सख्त निर्देश
Ranchi High Alart : रामनवमी पर्व को लेकर राजधानी रांची में सुरक्षा व्यवस्था को चाक-चौबंद करने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में आ गया है। इसी क्रम में बुधवार देर रात झारखंड की पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) तदाशा मिश्रा की अध्यक्षता में रांची एसएसपी कार्यालय में उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती और रूट वेरिफिकेशन पर जोर
बैठक के दौरान डीजीपी तदाशा मिश्रा ने सभी पुलिस अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि रामनवमी के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने शहर के संवेदनशील और भीड़-भाड़ वाले इलाकों की पहचान कर वहां अतिरिक्त सतर्कता बरतने के निर्देश दिए।
साथ ही, सभी जुलूस और शोभायात्राओं के निर्धारित रूट का भौतिक सत्यापन करने तथा पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित करने को कहा गया, ताकि किसी भी अप्रिय स्थिति से समय रहते निपटा जा सके।
सोशल मीडिया पर सख्त निगरानी, अफवाहों पर तत्काल कार्रवाई के निर्देश
डीजीपी ने विशेष रूप से सोशल मीडिया और अन्य डिजिटल प्लेटफॉर्म पर कड़ी निगरानी रखने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की अफवाह या भ्रामक सूचना को तुरंत चिन्हित कर उस पर सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि शांति व्यवस्था प्रभावित न हो।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि किसी भी संभावित स्थिति से निपटने के लिए पुलिस पूरी तरह तैयार रहे और आपसी समन्वय के साथ काम करे।
वरिष्ठ अधिकारियों की मौजूदगी में हुई समीक्षा बैठक
इस महत्वपूर्ण बैठक में एडीजी सीआईडी सह रांची जोन के आईजी मनोज कौशिक, रांची के एसएसपी राकेश रंजन, ट्रैफिक एसपी राकेश सिंह, सिटी एसपी पारस राणा, ग्रामीण एसपी प्रवीण पुष्कर सहित जिले के सभी डीएसपी और थाना प्रभारी उपस्थित रहे।



